
लखनऊ/बांदा। उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार बुधवार 20 मई 2026 को बांदा देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार चौथे दिन बांदा देश में सर्वाधिक गर्म बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से शुरुआती तीन दिनों के लिए “उष्ण रात्रि” यानी रात में भी अत्यधिक गर्मी बने रहने को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बांदा के अलावा हमीरपुर, झांसी, आगरा और उरई भी भीषण गर्मी से प्रभावित रहे। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। प्रशासन को भी स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी और मध्य भारत से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति और गंभीर बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।