
भलुअनी (देवरिया)। स्थानीय क्षेत्र के तेनुआ चौबे गांव में शनिवार दोपहर तेज हवा के चलते एक पुराना महुआ का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से तीन महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार तेनुआ चौबे गांव निवासी विमला देवी (57) पत्नी रामभज भारती, संजू (18) पुत्री रुदल भारती तथा राबड़ी देवी घर के पास स्थित महुआ के पुराने पेड़ के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी और पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ के नीचे बैठी तीनों महिलाएं उसकी चपेट में आकर घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा सभी घायलों को देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल में तीनों महिलाओं का इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।