दिल्ली के मलकगंज इलाके में तीन मंजिला इमारत ढई, कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। दिल्ली के सब्ज़ी मंडी इलाक़े में तीन मंज़िला इमारत गिरने की घटना सामने आई है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। फायर डिपार्टमेंट की पांच गाड़ियां मौक़े पर पहुंची हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा बेहद दुखद हादसा

कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे में कई गाड़ियां भी दबी हैं। इमारत ढहने के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई है। बताया जा रहा है कि मलबे में दो बच्चे फंसे हुए हैं। इमारत ढहने की घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि सब्जी मंडी इलाके में इमारत गिरने का हादसा बेहद दुखद। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, ज़िला प्रशासन के माध्यम से मैं खुद हालात पर नज़र बनाए हूं।

75 साल पुरानी थी इमारत

जो तीन मंजिला इमारत गिरी है। वह करीब 75 साल पुरानी थी। इस बिल्डिंग के नीचे लक्ष्मण प्रसाद हलवाई नाम के शख्स की दुकान थी। ऊपर की मंजिलों पर कोई नही रहता था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11:50 मिनट पर सब्जी मंडी से एक फोन कॉल दमकल विभाग को किया गया था। जिसमें बताया गया था कि यहां एक इमारत ढह गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पांच फायर टेंडर गाड़ियां पहुंची हैं। यह इमारत मालका गंज के नजदीक, दिल्ली में रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी।