
अमर शहीद सुखदेव थापर की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
फतेहपुर सीकरी। ग्राम सुनहरा में पुरुषार्थ सेवा संगठन की ओर से अमर शहीद सुखदेव थापर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और युवाओं ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद सुखदेव थापर का जीवन देशभक्ति, साहस और बलिदान की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर युवाओं के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीदों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।
संगठन के सदस्यों ने उपस्थित लोगों से समाज में एकता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी लोगों ने राष्ट्रहित और समाजसेवा के संकल्प को दोहराते हुए अमर शहीद सुखदेव थापर को नमन किया।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ से पारुल राणा, नीतू पैलवार, वंदना राणा, मिथलेश देवी, कुमकुम कहरवार, सुमन कहरवार और रश्मि राणा उपस्थित रहीं। वहीं संगठन की ओर से जिगनेश कहरवार, विराट कहरवार, सोनवीर सिंह पैलवार, जितेंद्र सिंह राणा और कर्मवीर राणा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।