बाराबंकी में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप: बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में बवाल, क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। बाराबंकी जनपद के कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के बरांवा गांव में जमीनी विवाद के चलते हुए खूनी संघर्ष में घायल बुजुर्ग भगवानदीन की उपचार के दौरान मौत के बाद गुरुवार को गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब दो बजे जैसे ही भगवानदीन का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए गांव में हंगामा किया। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होती और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक भगवानदीन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से लगातार वार्ता कर रहे हैं तथा उन्हें शांत कराने और अंतिम संस्कार के लिए मनाने का प्रयास किया जा रहा है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है।

गौरतलब है कि बरांवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बुजुर्ग भगवानदीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हिंसक घटना में महिलाओं समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए थे। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।