UP में मानसून का जोरदार आगाज: मानसून ने दी गर्मी से राहत, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून भले ही थोड़ी देरी से पहुंचा हो, लेकिन इसकी एंट्री बेहद दमदार रही। बीते दिन प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और तूफान देखने को मिला। वहीं शुक्रवार को भी राजधानी लखनऊ, नोएडा, प्रयागराज, एटा समेत कई जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और कई इलाकों में रिमझिम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है।

45 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 45 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) का सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के मध्य हिस्सों में बवंडर जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट के आसार

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में मानसून आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रहा है। अगले दो से तीन दिनों में इसके पूरे प्रदेश में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा और तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 3 जुलाई को लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी बारिश का यह दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है और अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।