
बाराबंकी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सेवा सप्ताह की शुरुआत रविवार को बीएसएनएल कार्यालय स्थित मंदिर परिसर से हुई। अभियान का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती के आभूषण हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। शुद्ध एवं बेहतर पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता कस्बों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का संदेश देंगे।
नीम, पीपल, जामुन और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगाए पौधे
अभियान के तहत विहिप जिला मंत्री राहुल कुमार के साथ बजरंग दल के जिला सह संयोजक प्रिंस वर्मा, नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, नगर मंत्री सौरभ गुप्ता, नगर संयोजक राहुल वाल्मीकि, मोहित कश्यप, शिवा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नीम, पीपल, जामुन और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए मंदिर परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई भी की।
निंदूरा प्रखंड में भी चला अभियान, ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता
सेवा सप्ताह के अंतर्गत निंदूरा प्रखंड में भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ग्राम कंचनापुर स्थित काली माता मंदिर, निंदूरा तथा निगोहा में ग्रामीणों के साथ मिलकर सैकड़ों पौधे लगाए। इस दौरान मंदिर परिसरों की श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई भी की गई। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला विशेष संपर्क प्रमुख तुलसीराम चौहान, निंदूरा प्रखंड अध्यक्ष अमित गुप्ता, बजरंग दल प्रखंड संयोजक मुकेश सिंह, सह मंत्री नरेंद्र राजभर, पूर्व प्रखंड मंत्री अरविंद यादव, पूर्व प्रधान रामू चौहान, अनुज मौर्य, अवध राम, वीरेंद्र सिंह, रमेश सिंह, चंद्रबली, शिवाजी, देशराज राजभर सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने बरगद, अमरूद, नीम, पाकड़, केसिया, गुड़हल, चांदनी, सहजन और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।