
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी/रामसनेहीघाट। भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर रविवार तड़के करीब चार बजे टड़िया गांव के पास ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन लोग तथा ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों वाहन एक-दूसरे में बुरी तरह फंस गए और ट्रक चालक करीब दो घंटे तक केबिन में ही फंसा रहा।
सूचना मिलते ही फायर विभाग, डायल-112 और कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामसनेहीघाट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वाहनों का आवागमन
हादसे के चलते भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर फंसे रहने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और फायर विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कराया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के बाद कई घंटे बाद बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग पूरी तरह बहाल हो सका। दुर्घटना में घायल महेंद्र दीक्षित पुत्र नंदकिशोर, रामराज पुत्र सुखराम और रंजीत पुत्र बरन, निवासी टड़िया मजरा महुलारा, तथा ट्रक चालक विनोद पुत्र शिवपाल, निवासी बुरे बक्तवाल मजरा पेरा सरैया, जनपद सुल्तानपुर बताए गए हैं।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली भिटरिया से हैदरगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक हैदरगढ़ से भिटरिया की तरफ आ रहा था। घायल रामराज के भाई मनीराम का आरोप है कि ट्रैक्टर अपनी लेन में चल रहा था। सामने से तेज रफ्तार ट्रक आता देख चालक ने वाहन को सड़क की पटरी पर उतार लिया, लेकिन इसके बावजूद ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। उनका दावा है कि ट्रक चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर
सीएचसी रामसनेहीघाट में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. अनूप सैनी ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज और आवश्यक जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग पर यातायात सामान्य करा दिया है और मामले की जांच जारी है।