
लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पीडीए वर्ग के साथ भेदभाव, अन्याय और अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में फर्जी एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस हिरासत में मौतों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिनमें सबसे अधिक प्रभावित पीडीए वर्ग के लोग हुए हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार भ्रष्टाचार और विफलताओं को छिपाने के लिए फर्जी एनकाउंटर कराती है। उन्होंने कहा कि ऐसे एनकाउंटर सामाजिक न्याय और संविधान के खिलाफ हैं तथा इससे प्रदेश का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।
फर्जी एनकाउंटर मानवाधिकारों का उल्लंघन: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कस्टोडियल डेथ और फर्जी एनकाउंटर मानवाधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार एनकाउंटर के जरिए जनता में डर पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और कानून पर लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
अखिलेश ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर प्रदेश की छवि खराब कर रहे हैं और निवेश पर भी असर पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार अपने समर्थकों में भी हिंसक मानसिकता को बढ़ावा दे रही है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।
डबल इंजन सरकार आर्थिक मोर्चे पर तरह विफल
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। हाथरस, गाजीपुर और हरदोई की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर डेटा छिपाने और न्याय न देने का आरोप लगाया।
वहीं आर्थिक मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, पेट्रोल-डीजल महंगे हो रहे हैं और रुपये की कीमत गिर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।