
लखनऊ। काकोरी स्थित भगवान पारसनाथ धाम में आगामी 24 जून से आयोजित होने जा रहे ‘श्री 1008 आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव’ को लेकर जैन समाज की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जैन समाज के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र सौंपते हुए महोत्सव के आयोजन, उसकी धार्मिक परंपराओं तथा सामाजिक-सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी।
जैन धर्म के सिद्धांतों और महोत्सव की परंपराओं पर हुई चर्चा
सीएम योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जैन धर्म के मूल सिद्धांतों, अहिंसा, संयम और आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के धार्मिक महत्व, आयोजन की परंपराओं और समाज में इसके सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि यह महोत्सव जैन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मावलंबी शामिल होंगे।
पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन सहित कई पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जैन धर्म प्रबोधिनी सभा के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक अरविंद कुमार जैन, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष संजीव जैन, मुख्य संयोजक बृजेश जैन ‘बंटी’, महामंत्री संदीप जैन, उपकोषाध्यक्ष विशाल जैन तथा उपमंत्री एवं महोत्सव में सौधर्म इन्द्र की भूमिका निभाने वाले विशाल जैन (आर्किटेक्ट) शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने महोत्सव की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
24 से 29 जून तक चलेगा भव्य धार्मिक आयोजन
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 24 जून से 29 जून 2026 तक काकोरी स्थित भगवान पारसनाथ धाम में आयोजित होने वाले श्री 1008 आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री योगी ने जैन समाज के इस भव्य धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने महोत्सव की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं और आयोजन के सफल एवं भव्य संचालन की कामना की।