
पाली। कस्बे में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर विधि-विधान से व्रत और पूजा-अर्चना की। सुबह से ही माता पंथवारी मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ जुटने लगी, जहां बरगद के वृक्ष के नीचे पारंपरिक तरीके से पूजा संपन्न हुई।
महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा की। पूजा के दौरान सुहागिनों ने वट वृक्ष की परिक्रमा की, धागा बांधा और पूजा की थाली सजाकर वट माता से परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
पूजन के दौरान महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा भी श्रद्धा भाव से सुनी। धार्मिक मान्यता है कि वट सावित्री व्रत के पालन से पति की आयु लंबी होती है तथा दांपत्य जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। इसी विश्वास के साथ महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा से व्रत का पालन किया।
पूजा स्थलों पर पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं भी दीं और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। कस्बे के मंदिरों और पूजा स्थलों पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।