20 वर्ष की लड़की की फोटो दिखाकर 45 वर्ष की महिला से करा रहे थे शादी

यूपी। उत्तर प्रदेश के इटावा से एक धोखाधड़ी का मामला सामने आ रहा है। जहां एक शख्स की शादी जबरदस्ती की जा रही थी। दरअसल, शादी से पहले उसे 20 वर्ष की लड़की की तस्वीर दिखाई गई थी। लड़के ने जब शादी के लिए हां बोल दिया, तब धोखा देते हुए एक 2 बच्चे की मां को मंडप में बिठा दिया गया। इस धोखाधड़ी के सामने आते ही दूल्हा सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचा और ठगो के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।

दो बच्चों की मां है महिला

बता दें कि यह मामला यूपी के इटावा जिले का है, जहां शत्रुघ्न सिंह नाम के व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया है। दलालों ने पहले उसे एक 20 वर्ष की लड़की की तस्वीर दिखाई। उसी के दम पर उससे 35 हजार एडवांस ले लिए। लेकिन फिर शादी वाले दिन युवक जब मंदिर पहुंचा तो उसे पता चला कि उसकी शादी एक 45 वर्षीय महिला से की जा रही है। महिला 2 बच्चों की मां भी बताई जा रही है।

दलालों ने धमका कर करवानी चाही शादी

जब दूल्हे ने दुल्हन को देखा तो उसके होश उड़ गए। अपने साथ ऐसा धोखा देखकर शत्रुघ्न नाराज हो गया, और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके बाद शत्रुध्न अपनी मां के साथ पुलिस स्टेशन जाने की बात कहने लगा। लेकिन स्थिति को बेकाबू होता देख वहां खड़े दलालों ने शत्रुघ्न और उसके परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। लाठी- डंडा लेकर उनके पीछे भागने लगे लेकिन शत्रुध्न किसी तरह जान बचाकर पुलिस स्टेशन पहुंचा। और अपने साथ हुए धोखे के बारे में पुलिस वालों को रिपोर्ट दर्ज करा दी।

परिवार वालो पर किया गया हमला

इस मामले में दूल्हे की मां ने कहा कि मेरे बेटे के साथ धोखा किया गया है। हमें जो फोटो दिखाई गयी थी वो ये लड़की है ही नहीं। इसके बाद उन्होंने कहा कि जब हम पुलिस के पास जाने लगे तो ठगों ने हमारा रास्ता रोक लिया। हमें जान से मारने की धमकी दी गई। हम पर हमला भी किया गया। इस पूरे मामले को देखते हुए इटावा के एसपी कपिल देव सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।