तेज बारिश में ढहा विधवा का आशियाना, प्रधानमंत्री आवास के इंतजार में उजड़ा घर


बिछिया (उन्नाव): लगातार हो रही बारिश ने विकास खंड बिछिया के ग्राम तौरा में एक विधवा महिला का आशियाना उजाड़ दिया। गुरुवार को तेज बारिश के बीच सावित्री पत्नी स्वर्गीय रमाकांत शुक्ला का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में घर में रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। अब सावित्री अपने बेटे सतीश के साथ टपकती छत के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं।
पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले चार वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग को लेकर ब्लॉक कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। उनका कहना है कि कई बार ग्राम सचिव और संबंधित अधिकारियों को जर्जर मकान की जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सावित्री ने भावुक होकर कहा, “लगता है अधिकारी मेरी मौत का इंतजार कर रहे हैं। अगर समय रहते आवास मिल गया होता तो आज मेरा घर नहीं गिरता।” उनका कहना है कि अब घर में ऐसी कोई सुरक्षित जगह नहीं बची, जहां वह और उनका बेटा सुरक्षित रह सकें।
उधर, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) फहद खान ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए गांव में सर्वे कराया गया था, जिसमें ऐसा कोई पात्र व्यक्ति सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई पात्र लाभार्थी छूट गया है तो मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, अस्थायी आवास की व्यवस्था और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है।