मिर्जापुर में डीएम ने अधिकारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने के दिए निर्देश

मीरजापुर, 14 मई। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक तेल संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को ईंधन की बचत करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी फील्ड विजिट के दौरान अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तथा अत्यधिक आवश्यक होने पर ही सरकारी वाहनों का प्रयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर वाहन साझा करते हुए फील्ड विजिट करने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी को ईंधन की बचत के प्रति गंभीर होना होगा। उन्होंने आम जनता से भी सार्वजनिक वाहनों के अधिक उपयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और जंग की अनिश्चितता को देखते हुए इनके उपयोग में सावधानी एवं संयम बरतना आवश्यक है।