
रिपोर्ट / प्रवेश सिंह, बनारस
मुगलसराय। मुगलसराय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गार्गी पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों द्वारा तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता प्यारे लाल के परिजनों ने जबरन घर में प्रवेश किया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि काफी देर तक घर के अंदर हंगामा चलता रहा। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों को भी धमकियां दी गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। जलीलपुर चौकी इंचार्ज अजय यादव ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस 108 की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुगलसराय पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।