
रिपोर्ट: प्रवेश सिंह/बनारस ब्यूरो
चंदौली में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते लाइनमैनों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के ही विद्युत लाइनों पर कार्य करना पड़ रहा है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, कई स्थानों पर लाइनमैन बिना सुरक्षा दस्ताने और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों के हाई वोल्टेज विद्युत लाइनों पर काम करते देखे गए। कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पहले भी विद्युत कार्यों के दौरान कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर विभाग की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। इससे कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।