ऑफिस बना कत्लगाह, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली वारदात

पंजाब: मोहाली में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया. सेक्टर-66 के फेज़-11 स्थित पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के दफ्तर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने ऑफिस में काम कर रही एक महिला कर्मचारी के ऊपर चाकू से अचानक हमला बोल दिया. युवक का नाम हरविंदर मान बताया जा रहा है. हरविंदर ने महिला कर्मचारी जिसका नाम डिंपल था उस पर 25 से 30 बार चाकू से हमला  किया. डिंपल लहूलुहान होकर ज़मीन पर बेसुध गिर पड़ी. लोग कुछ समझ पाते तबतक बहुत देर हो चुकी थी. ऑफिस में मौजूद कुछ युवकों ने डिंपल को बचाने की कोशिश भी की लेकिन हत्यारा हरविंदर नहीं रूका और लगातार चाकू से वार करता रहा.

इसके बाद हरविंदर ने अपनी गर्दन और सीने पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या करने का प्रयास किया. हत्यारा हरविंदर के शरीर से खून की धार निकलने लगी. आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. ऑफिस में हुए इस हत्याकांड की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

जानकारी के मुताबिक यह पूरा घटनाक्रम गुरूवार शाम का बताया जा रहा है. ऑफिस में सबकुछ समान्य चल रहा था. कुछ ही समय में हरविंदर ऑफिस पहुंचता है और काम कर रही डिंपल की गर्दन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया. उसने डिंपल पर ताबड़तोड़ कई वार किए. इसके बाद खुद को भी घायल कर लिया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस मामले की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. घायल हरविंदर का इलाज अभी भी जारी है हालांकि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बाल के अनुसार, डिंपल और हरविंदर मान पिछले तीन साल से एक ही कंपनी में काम कर रहे थे। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और कभी रिलेशनशिप में भी रहे। करीब छह महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद हरविंदर लगातार डिंपल से पैचअप करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन डिंपल उससे दूरी बनाए हुए थी।

शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को पुराने प्रेम संबंध, ब्रेकअप और आरोपी के एकतरफा दबाव से जोड़कर देख रही है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटा लिए हैं और CCTV फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। पूरी वारदात कैमरे में दर्ज हुई है, जो जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य बनेगी। पुलिस का कहना है कि हरविंदर के स्वस्थ होते ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका डिंपल के माता-पिता मोहाली पहुंच चुके हैं, जबकि आरोपी हरविंदर के माता-पिता अमेरिका में रहते हैं।

पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी। फिलहाल मोहाली में हुई घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. यह घटना एक बार फिर कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और भावनात्मक संबंधों से जुड़े हिंसक परिणामों पर सवाल उठाती है।