चन्दौली में गोवंश तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एसपी आकाश पटेल ने जारी किया सख्त अल्टीमेटम

रिपोर्ट: चन्दौली ब्यूरो

चन्दौली। जनपद में बढ़ते अपराध और गोवंश तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश तस्करी, अवैध कटान और इससे जुड़े किसी भी अपराध के खिलाफ अब निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने यूपी-बिहार सीमा सहित सभी अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय सीमाओं पर चौबीसों घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। तस्करी के प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर बैरियर और पिकेट सक्रिय करने तथा संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसपी ने कहा कि गोवंश तस्करी में शामिल अपराधियों, माफियाओं और गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराध से अर्जित संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई को भी तेज करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अवैध परिवहन और कटान से संबंधित सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जेल से छूट चुके तस्करों और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में एसपी ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को मिला सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। हाल ही में हुई लूट की घटना का सफल अनावरण कर चार आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा धानापुर पुलिस टीम को मात्र 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद करने के लिए नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

चन्दौली पुलिस के इस सख्त रुख से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं होगी और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पूरी सख्ती से लागू रहेगी।