सोनीपत और सांपला में भव्य रोड शो, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की मौजूदगी में नामांकन

चंडीगढ़, 24 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को सोनीपत निगम के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और रोहतक के सांपला नगर पालिका के चेयरमैन पद के प्रत्याशी प्रवीन कोच का विधिवत नामांकन भरवाया। नामांकन के दौरान सोनीपत और सांपला में भव्य रोड शो का आयोजन हुआ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीण कोच के साथ खुली गाड़ी में खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। सोनीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और यही विश्वास इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत में परिवर्तित होगा।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं है, बल्कि विकास और सुशासन की निरंतरता का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवारों की जीत से शहर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। इस अवसर पर संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मलिक, विधायक निखिल मदान, पवन खरखौदा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सांपला में भी एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होने कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यशौली पर जनता का भरोसा लगातार मज़बूत हो रहा है। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को विकास और सुशासन को नई दिशा दी है। पीएम की 12 साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने देश के हर वर्ग तक विकास पहुंचाया है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।
इसके साथ बड़ौली ने मुख्यमंत्री की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार का प्रदेश में पारदर्शी शासन, ई-गवर्नेंस, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है। पिछले लगभग 12 वर्षों में सड़कों, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं, जिससे आम जनमानस को सीधा लाभ मिला है।
मोहन लाल बड़ोली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कमल के फूल का संदेश लेकर जनता के बीच जाएं और उन्हें समझाएं कि विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा की “ट्रिपल इंजन” सरकार बेहद जरूरी है। भाजपा प्रत्याशियों की जीत क्षेत्र के विकास की गारंटी है।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर रामवतार वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं क्षेत्र की देवतुल्य जनता जनार्दन उपस्थित रहे।