वाराणसी में पीएम मोदी के महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा


लखनऊ, । भारतीय जनता पार्टी ने 28 अप्रैल को वाराणसी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले विशाल महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा, जिला व महानगर पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया। पंकज चौधरी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्व का निष्ठा से निर्वहन करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और नारी सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, तीन तलाक कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए महिलाओं, पिछड़े वर्ग और अनुसूचित जातियों के सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं धर्मपाल सिंह ने सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर महिला मतदाता तक पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाए। यह कार्यक्रम केवल स्वागत नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण का संदेश देने का अवसर भी है।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने अतिथियों का स्वागत एवं विषय प्रस्तावना रखी। महिला मोर्चा की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया, जबकि जिला व महानगर पदाधिकारियों की बैठक में जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया। संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया।