लखनऊ के बेटे शुभांशु शुक्ला ने रचा इतिहास, बने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन की उड़ान भरने वाले पहले भारतीय

लखनऊ।
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) की उड़ान भरकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। वह इस मिशन में शामिल होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं, जिससे न केवल देश का, बल्कि विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और लखनऊ का नाम गर्व से ऊँचा हो गया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय शुभांशु शुक्ला के लखनऊ स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने शुभांशु के माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा, “यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगी।”

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, आर्यन मिश्रा, अब्दुल्ला शेर खान, और राजेंद्र पांडेय शामिल थे।

यह उपलब्धि न केवल भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय है, बल्कि यह युवा वैज्ञानिकों और देशभक्तों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।