
नित्यानंद बाजपेई
ब्यूरो, अमर भारती समाचार पत्र
पलिया कलां (खीरी)। गुरु तेगबहादुर साहब की शहादत के 350वें नगर कीर्तन का आज पलिया कलां में भव्य स्वागत किया गया। यह नगर कीर्तन 23 राज्यों से होकर गुजरते हुए 70 दिन की यात्रा पूरी कर आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
नगर कीर्तन मेहंगापुर से चलकर सुबह 9:30 बजे गोल्डन फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पलिया के आगे पहुंचा। यहां ऑल इंडिया सिख फेडरेशन के मेंबरान, गोल्डन फ्लावर स्कूल की मैनेजमेंट कमेटी, शिक्षक और बच्चों ने फूल बरसाकर एवं झाड़ू-पोछा लगाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया। इसके बाद नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर बढ़ा।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने लंगर और जलपान की व्यवस्था की। गोल्डन फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लंगर सेवा चली, वहीं हिंदू समाज के महाकाल सेवकों ने दुधवा चौराहे पर फल वितरित कर संगत का स्वागत किया। मेडिकल ड्रग एसोसिएशन ने पलिया मॉन्टेसरी स्कूल के पास जलपान की व्यवस्था की।
विशेष बात यह रही कि मुस्लिम समाज ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया और कई स्थानों पर पंडाल लगाकर लंगर सेवा की। यह पलिया नगर की पहचान रही कि सभी धर्म और समाज के लोग एकजुट होकर नगर कीर्तन की सेवा में लगे।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचने पर कमेटी ने विशेष स्वागत किया। गुरु जी के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब में मौजूद रही।