चार घरों में लाखों की चोरी, नकदी-जेवर और सामान पार, गांव में फैली दहशत

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौली शेरपुर में मंगलवार की रात चोरों ने तांडव मचाकर चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने लाखों रुपए की नकदी, जेवरात और घरेलू सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर बिलग्राम पुलिस और फॉरेसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।

पहला मामला – ग्राम निवासी इस्तियाक पुत्र वहाब के घर का है। परिजन घर से बाहर थे तभी अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसपैठ की। चोर 40 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और पीतल के बर्तन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

दूसरा मामला – अरसद व सुहैल पुत्रगण नूर मोहम्मद के घर का है। चोरों ने मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर घुसपैठ की और कमरे का कुंडा भी तोड़ा, लेकिन उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा। नाराज चोरों ने घर में खड़ी राइडर मोटरसाइकिल की टंकी को कुल्हाड़ी से काट दिया।

तीसरा मामला – नूरी पत्नी मरहूम मुजीब के घर का है। चोरों ने गेट का कुंडा काटकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 20 जोड़ी कपड़े चोरी कर लिए।

चौथा मामला – जुबिना के घर का है। चोरों ने उनके घर से 7,990 रुपए नकद, 4 ग्राम का बूंदा, लगभग 250 ग्राम का तोड़ा और कई बर्तन चोरी कर लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फॉरेसिक टीम ने भी मौका मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। चोरी गए घर का एक बक्सा गांव के स्कूल के पास खुला पड़ा मिला।

ग्रामीणों में आक्रोश – लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त न होने से गांव अपराधियों के निशाने पर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस कार्रवाई – पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।