शाहाबाद में छात्राओं को महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए जागरूक किया गया

शाहाबाद, हरदोई। प्रदेश में महिलाओं और छात्राओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान महिला शक्ति मिशन फेज 05 को सफल बनाने के तहत शाहाबाद में छात्राओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी ने एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला शक्ति मिशन में तैनात पुलिस कर्मियों के साथ एसडी जनता इंटर कालेज, बजरिया में छात्राओं को अभियान और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर छात्राओं को कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखी, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला शक्ति अभियान से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और महिलाओं को समझाया कि इन योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों का सही इस्तेमाल करके वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या खतरे की स्थिति में तुरंत मदद ले सकती हैं। इसके अलावा सुरक्षा के उपाय, सतर्क रहने के तरीके और पुलिस द्वारा महिलाओं की रक्षा तथा न्याय दिलाने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया।

एसडी जनता इंटर कालेज में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रभारी निरीक्षक त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें।

यह कार्यक्रम महिला शक्ति मिशन फेज 05 के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल छात्राओं को जागरूक किया गया बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी मिली।