
हरदोई पिहानी। पिहानी विकासखंड क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई के नेतृत्व में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी दरों में कटौती कर देशवासियों को बड़ी राहत दी है।
जिलाध्यक्ष बब्बन ने बताया कि 2014 में सत्ता संभालने के बाद मोदी सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों के अनाप-शनाप करों से व्यापारियों और देशवासियों को हो रही महंगाई से निजात दिलाई। उन्होंने कहा कि जीएसटी के माध्यम से ‘एक देश, एक कर’ प्रणाली लागू कर ऐतिहासिक कार्य किया गया, और अब पुनः दरों में कटौती कर जनता को राहत प्रदान की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई ने सभी से आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया और स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने के लिए प्रेरित किया, जिससे देश का वैभव बढ़ सके।
कार्यशाला में जिलाध्यक्ष ने कमेटी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए समर्पण, संस्कार और सहभागिता की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि एक मजबूत संगठन ही देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग कर सकता है।
कार्यक्रम पिहानी ग्रामीण मंडल द्वारा कुंवरपुर वसिठ में आयोजित किया गया, जिसमें ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई, मंडल अध्यक्ष अमित त्रिवेदी, महामंत्री रामबक्स राठौर, जिला पंचायत सदस्य सोनू भारती सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पिहानी नगर की कार्यशाला स्व. प्रकाश चंद्र बाजपेई ब्लॉक सभागार में हुई, जिसमें नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, महामंत्री रामदास कटियार, नीरज सिंह, मुजाविर हुसैन जैदी, मनोज रस्तोगी, दुर्गेश पाण्डेय और रीतेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।