
रिपोर्ट -बोबी ठाकुर
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ0पी0 सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी। गोष्ठी में जनपद की वर्तमान अपराध स्थिति एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रत्येक स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों, लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलम्ब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्यों का गुणवत्तापूर्ण संकलन करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना सुनिश्चित की जाए। अभियान चलाकर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए
अभियोजन एवं पैरवी की समीक्षा करते हुए ऑपरेशन कन्विक्शन के अन्तर्गत चिन्हित अभियोगों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, मॉनिटरिंग सेल एवं अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा दोषियों को न्यायालय से अधिकतम दण्ड दिलाए जाने हेतु निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल अपराधों के संबंध में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रत्येक शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति से सम्बन्धित गतिविधियों की भी समीक्षा की गयी।
साइबर अपराध एवं आर्थिक अपराधों की रोकथाम के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही, पीड़ितों की सहायता एवं धनराशि की रिकवरी हेतु प्रभावी प्रयास करने तथा आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति निरंतर जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब, मादक पदार्थों, अवैध शस्त्रों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चैकिंग एवं रात्रि गश्त को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए
पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस की प्रत्येक कार्यवाही में दक्षता, अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही होनी चाहिए तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जाए।