पाली, हरदोई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पाली थाना क्षेत्र के परेली गांव में शुक्रवार को भव्य पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयं सेवकों ने भारत माता, संघ संस्थापक डॉ. केशव राव बलीराम हेडगेवार और माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन कर की। इसके बाद सभी ने प्रार्थना की और शस्त्र पूजन कर परंपरा का सम्मान किया।
शस्त्र पूजन के बाद स्वयं सेवकों ने वाद्य यंत्रों के साथ पथ संचलन शुरू किया। पथ संचलन परेली गांव से प्रारंभ होकर पूरे गांव में भ्रमण किया और पुनः उसी स्थान पर समाप्त हुआ। रास्ते में गांव के लोगों ने स्वयं सेवकों का उत्साहवर्धक स्वागत किया और जगह-जगह पुष्प वर्षा की।
इस अवसर पर संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के साथ अखिलेश शुक्ला, मोहित शुक्ला, मयंक पाठक और असित त्रिपाठी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने की उपलब्धियों और संगठन की राष्ट्रसेवा के कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम ने न केवल संघ की परंपरा और अनुशासन का संदेश दिया बल्कि ग्रामीणों में उत्साह और संगठन के प्रति सम्मान की भावना भी बढ़ाई।