दशहरे मेले में महिलाओं को मिशन शक्ति का पाठ पढ़ाकर जागरूक किया गया

हरदोई-पिहानी। महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और जागरूकता अभियान मिशन शक्ति अभियान 5 के तहत बृहस्पतिवार को पिहानी के शाहाबाद तिराहा स्थित बुद्ध पार्क मैदान में चल रहे दशहरे मेले में विशेष कैंप लगाया गया। इस कैंप में एडिशनल एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह और सीओ अजीत कुमार सिंह ने महिलाओं और किशोरियों को जागरूक किया और उन्हें सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।

महिला बीट अधिकारी शिक्षक की तरह छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा के पाठ पढ़ा रही थीं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को अपने अधिकारों को समझना अत्यंत आवश्यक है और किसी भी स्थिति में खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए।

एडिशनल एसपी ने कहा कि छात्राओं को अपने घर और परिवार में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों को प्रेरित किया कि यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना उनके साथ हो रही है, तो उसे बर्दाश्त न करें बल्कि इसका विरोध करें। इससे अपराध पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि कई बार छात्राएं अपने घर पर घटित घटनाओं को साझा नहीं करती हैं, लेकिन स्कूल और सार्वजनिक जगहों पर जागरूक होकर अपनी जानकारी परिवार के सदस्यों तक पहुँचाना आवश्यक है। जरूरत पड़ने पर पुलिस से तुरंत सहायता लेने की भी सलाह दी गई।

इस कैंप के माध्यम से दशहरे मेले में आई महिलाओं और किशोरियों में सुरक्षा और जागरूकता के प्रति सकारात्मक प्रभाव देखा गया। आयोजकों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में मददगार साबित होते हैं।