प्रभारी निरीक्षक ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, मिशन शक्ति अभियान के तहत चला जागरूकता कार्यक्रम

गोण्डा। प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले में जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में तरबगंज थानाध्यक्ष कमलाकांत त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ ग्राम खजुरी में आयोजित एक जनजागरण कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक ने महिलाओं से संवाद करते हुए मिशन शक्ति अभियान 5.0 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और कानून अब पहले से अधिक सशक्त हुआ है।”

इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक कल्पना श्रीवास्तव ने बालिकाओं को छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध और एसिड अटैक से बचाव के उपाय बताए। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं 1090, 112, 181, 1098 और 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं।

टीम ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और महिलाओं को प्रत्येक थाने पर स्थापित किए जा रहे “मिशन शक्ति केंद्र” की भूमिका और सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया।

इस दौरान उपनिरीक्षक अवनीश शुक्ला, सुनील सिंह, महिला आरक्षी रागिनी मिश्रा, संगीता देवी, कॉन्स्टेबल सभाजीत सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही।