प्रयागराज के मुंगारी गांव में देर रात हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम

कच्ची दीवार ढहने से बुजुर्ग महिला की मौत, दो नाती घायल

प्रयागराज। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत मुंगारी गांव के कोहराना बस्ती में बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक कच्ची दीवार गिरने से कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो नाती घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय गीता देवी पत्नी कन्हैया लाल अपने दो नातियों यश पुत्र रंजय और शुभम पुत्र संजय के साथ कमरे में सो रही थीं। रात के दौरान मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई, जिससे तीनों मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को मलबे से निकालकर एक निजी अस्पताल ले गए।

इलाज के दौरान गीता देवी की मौत हो गई, जबकि दोनों नातियों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसओ औद्योगिक क्षेत्र विपिन कुमार पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि “घटना की रात परिजनों ने पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।”

गीता देवी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।