
📍रुनकता (आगरा):
थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव अरसेना में गुरुवार सुबह प्रवर्तन दल की टीम पर बिजली चोरी पकड़ने के दौरान लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले में विभागीय कर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना की सूचना 112 पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना सुबह करीब पौने आठ बजे की है। रुनकता सब स्टेशन के अवर अभियंता कुलदीप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल आगरा के प्रभारी नरेंद्र कुमार उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी योगेश कुमार, ब्रजेश कुमार, टीजी-2 अनुज दीक्षित, चंद्रप्रकाश, संविदा कर्मी ऋतिक, नीरज, वीरपाल कुमार, अखिलेश, रविन्द्र व महिला आरक्षी रितु मिश्रा की टीम अरसेना गांव में बिजली चोरी की चेकिंग कर रही थी।
जांच के दौरान सतीश चंद्र पुत्र कमल और चंद्रप्रकाश पुत्र कमल को पोल से डायरेक्ट कटिया डालकर बिजली चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। टीम ने जब विभागीय कार्रवाई शुरू की, तो आरोपी सतीश, चंद्रप्रकाश, जितेंद्र पुत्र सतीश चंद, वासुदेव पुत्र पूरन समेत 15–20 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट देख टीम में भगदड़ मच गई और सभी कर्मियों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। महिला आरक्षी रितु मिश्रा ने तत्काल घटना की सूचना 112 कंट्रोल रूम को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो गए।
🔸 मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी
अवर अभियंता कुलदीप सिंह ने बताया कि
अरसेना निवासी सतीश और चंद्रप्रकाश पुत्र कमल के खिलाफ विद्युत चोरी की धारा 135 के तहत एंटी पावर थाना कमला नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
साथ ही टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ थाना सिकंदरा में अलग से मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है — सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों पर हमले की धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी।