
रामनगर, बाराबंकी। महादेवा महोत्सव में शनिवार देर शाम भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने अपने शानदार मंच प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भक्ति, प्रेम और लोकप्रिय भोजपुरी गीतों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल देर रात तक झूमता रहा। अक्षरा सिंह को सुनने और देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
अक्षरा सिंह ने अपना कार्यक्रम भगवान शिव के चरणों में समर्पित करते हुए शुरू किया। उन्होंने जब “श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में” सुनाया तो भक्तिभाव में डूबे लोगों ने तालियों से स्वागत किया। इसके बाद “हे दुख भंजन मारुति नंदन” गाकर उन्होंने प्रभु हनुमान का गुणगान किया।
भोजपुरी गीतों की बारी आई तो दर्शक थिरकने पर मजबूर हो गए। उन्होंने “दहेज में राशन मांगे हो” और “राजा जी मैं तो राजा जी बिजली बनूंगी” जैसे सुपरहिट गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी। श्रोताओं की मांग पर उन्होंने एक से बढ़कर एक भोजपुरी गाने सुनाए, जिससे माहौल रोमांचित होता गया।
कार्यक्रम में उनके सहयोगी कलाकारों में नृत्य करने वाले अंकुर सिंह, आयुष राजपूत, अरुण माही शर्मा, रोहित, वर्तिका सिंह, तनु सिंह, निशा कुमारी और आराध्या शामिल रहीं। वहीं मनजीत सिंह, विशाल और अंकुर ने युगल गायन में उनका साथ दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने किया। इस दौरान पंडाल खचाखच भरा रहा और लोग अक्षरा सिंह की एक झलक पाने को उत्सुक दिखाई दिए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जहां उनके निजी कमांडो मौजूद रहे, वहीं पुलिस फोर्स भी भारी संख्या में तैनात किया गया था।