सिद्धौर नगर पंचायत में एसआईआर अभियान का किया गया निरीक्षण, ईओ आशुतोष त्रिपाठी ने दिए सख्त निर्देश

सिद्धौर, बाराबंकी। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को सिद्धौर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने अभियान का जायजा लेने हेतु नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से वार्ता कर मतदाताओं की समस्याएं सुनीं।

उन्होंने पश्चिम कटरा, लम्बुआ, उत्तरी अंसारी, दक्षिणी अंसारी, सिद्धेश्वर वार्ड, अटिया समेत एक दर्जन वार्डों का दौरा किया। इस दौरान ईओ त्रिपाठी ने गणना प्रपत्रों के वितरण व भरे हुए प्रपत्रों की वापसी की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक प्रपत्र समय से पहुँचे और बीएलओ निर्धारित समय-सीमा के भीतर फॉर्म वापस प्राप्त कर लें, ताकि मतदाता सूची में त्रुटि की गुंजाइश न रहे।

इसी क्रम में श्री त्रिपाठी लगातार घर-घर जाकर आमजन से प्रपत्रों की उपलब्धता और जमा किए जाने की स्थिति की प्रत्यक्ष जानकारी भी ले रहे हैं, जिससे अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। उन्होंने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न हो और पुनरीक्षण की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध हो।


कोई भी पात्र मतदाता न छूटे
ईओ आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि बीएलओ प्राथमिकता बनाते हुए कार्य करें कि एक भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे। विशेष पुनरीक्षण अभियान न केवल सूची को अद्यतन करेगा बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ताकि सभी योग्य नागरिक मताधिकार का उपयोग कर सकें।