केजीएमयू क्वीन मैरी स्त्री रोग विभाग का 93वां स्थापना दिवस समारोह


लखनऊ स्थित केजीएमयू क्वीन मैरी स्त्री रोग विभाग ने शुक्रवार को अपना 93वां स्थापना दिवस गर्व और उत्साह के साथ मनाया। लगभग 100 वर्षों से महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और इलाज के क्षेत्र में अहम योगदान देने वाले इस विभाग के समारोह में विभाग के शिक्षक, पूर्व छात्र, रेजिडेंट डॉक्टर और कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। सभी ने मिलकर विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धियों और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति इसके निरंतर योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने विभाग की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि “93 वर्षों में क्वीन मैरी ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। पिछले एक वर्ष की रिपोर्ट दर्शाती है कि विभाग और भी आगे बढ़ने की क्षमता रखता है।”

वहीं क्वीन मैरी हॉस्पिटल की HOD प्रो. मंजू अग्रवाल ने कुलपति का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से विभाग ने कई नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। इस दौरान कुलपति ने यह भी आश्वासन दिया कि अस्पताल में बेड की कमी से जुड़ी दिक्कतों को जल्द ही दूर किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकेंगी।

लगभग एक सदी से महिलाओं की चिकित्सा शिक्षा, मातृत्व देखभाल, प्रसूतिशास्त्र और स्त्री रोग उपचार में अग्रणी भूमिका निभा रहा क्वीन मैरी अस्पताल प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। स्थापना दिवस पर सभी ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में विभाग महिलाओं के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।