बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में बजरंग दल का आक्रोश, पुतला दहन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन


फतेहपुर-बाराबंकी। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के विरोध में राष्ट्रीय बजरंग दल व अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। नगर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने तहसील गेट के सामने बांग्लादेश के राष्ट्रपति एवं केयरटेकर मोहम्मद यूनुस का पुतला फूंकते हुए जोरदार नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह को सौंपा।
बुधवार को दिए गए ज्ञापन में संगठन ने बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्ता पलट के बाद कट्टरपंथी तत्वों द्वारा हिंदुओं पर किए जा रहे अत्याचार, मंदिरों में तोड़फोड़, घरों में आगजनी, लूटपाट व महिलाओं की सुरक्षा पर मंडरा रहे खतरे को गंभीर बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वहां हालात 1971 जैसे बनते जा रहे हैं और अल्पसंख्यक हिंदुओं को जान-माल की सुरक्षा के लिए भारत सरकार को कूटनीतिक स्तर पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो राष्ट्रीय बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद देशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिला कार्यवाहक जयशंकर जोशी, जिला महामंत्री शुभम सोनी, जिला उपाध्यक्ष गौरव सोनी, वरिष्ठ अधिवक्ता, आरएसएस कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।