सामरा में विशालकाय अजगर निकलने से ग्रामीणों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

फतेहपुर सीकरी। बुधवार को विकासखंड की ग्राम पंचायत सामरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत के पास सड़क की पुलिया में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही राहगीरों और किसानों में दहशत फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग की रेस्क्यू टीम को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर्मियों ने अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ सुरक्षित स्थान पर ले गई। इस दौरान वनकर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो तो घबराएं नहीं और स्वयं किसी प्रकार का जोखिम न उठाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दें। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।