
लखीमपुर खीरी। शहर के शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक दो तमंचे लेकर स्कूल परिसर में घुस गया। आरोपी ने एक महिला शिक्षिका को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय स्कूल में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे। गोलियों की आवाज से बच्चों में दहशत फैल गई और वे चीखने-चिल्लाने लगे। गनीमत रही कि घटना में किसी अन्य बच्चे या कर्मचारी को चोट नहीं आई।
मृत युवक की पहचान नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी के रूप में हुई है, जबकि मृत शिक्षिका की पहचान निशात निवासी हिदायतनगर के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि युवक सोमवार सुबह असलहा लेकर स्कूल परिसर में पहुंचा। उसने स्कूल ग्राउंड से शिक्षिका को अपने साथ लिया और उन्हें घसीटते हुए स्कूल की ऊपरी मंजिल तक ले गया। क्लास रूम के सामने आरोपी ने शिक्षिका पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगने से शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना के दौरान स्कूल में शिक्षण कार्य चल रहा था और बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। अचानक गोली चलने की आवाज से पूरे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और कर्मचारी बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुट गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ-साथ स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक स्कूल में दो तमंचे लेकर कैसे दाखिल हुआ और प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था क्या थी।
बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक बाहरी व्यक्ति दो तमंचे लेकर स्कूल परिसर के अंदर तक कैसे पहुंच गया। घटना के समय स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। यदि गोलीबारी के दौरान कोई बच्चा चपेट में आ जाता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। पुलिस अब घटना की जांच के साथ स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।