
बहराइच।स्वर्गीय कुशमेंद्र सिंह राणा की स्मृति में इंदिरा स्टेडियम में आयोजित ग्लैमरस टाइप प्रीमियर लीग के तहत खेले गए मुकाबले में बहराइच ब्लास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहराइच सुपर किंग्स को 42 रनों से पराजित कर दिया। मैच में मुख्य अतिथि के रूप में मो. यासिर और तुषार सत्या मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि बालकृष्ण मिश्रा, पंकज अग्रवाल, राजकुंवर और विनायक मिश्र रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।
टॉस जीतकर बहराइच ब्लास्टर्स के कप्तान जयप्रकाश यादव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ब्लास्टर्स के बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए शानदार बल्लेबाजी की। कप्तान जयप्रकाश यादव ने 92 रनों की बेहतरीन पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा प्रणव सिंह ने 34 रन और अमरनाथ ने 26 रनों का योगदान दिया। निर्धारित 22 ओवरों में बहराइच ब्लास्टर्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 204 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बहराइच सुपर किंग्स की ओर से ओम ठाकुर ने चार विकेट झटके।
205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच सुपर किंग्स की टीम दबाव में बिखर गई। ओम ठाकुर ने नाबाद 61 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। पूरी टीम 22 ओवरों में 7 विकेट खोकर मात्र 162 रन ही बना सकी। बहराइच ब्लास्टर्स की ओर से गोविंद चौहान और दिव्यांशु सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान जयप्रकाश यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बेहतरीन प्रदर्शन के चलते ओम ठाकुर को बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका आतिफ खान और अकील अहमद ने निभाई, स्कोरर यश चौरसिया रहे। आंखों देखा हाल आदिल जमीर ने सुनाया, जबकि लाइव प्रसारण गोविंद सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस दौरान सुनील राय, इफ्तिखार अली, रामानंद सिंह, देवाशीष राय, आयुष चित्रांश, कार्तिकेय सिंह, तुषार सोनी, आशुतोष कैराती, सारिक, उत्कर्ष सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला बहराइच ब्लास्टर्स और बहराइच नवाब के बीच खेला जाएगा।