
फतेहपुर-बाराबंकी। हिंदू युवा बलवान कार्यक्रम के तहत विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल द्वारा ग्रामीण स्टेडियम बैसुआ के मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देवा, निंदूरा और फतेहपुर क्षेत्र के युवाओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सोमवार को देवां क्षेत्र के बैसुआ मैदान में आयोजित इस कबड्डी प्रतियोगिता में कुल छह टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद देवा की टीम विजेता बनी, जबकि फतेहपुर की टीम उपविजेता रही। खेल के समापन अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर बजरंग दल के जिला कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख अखिलेश राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। ऐसे खेलों का उद्देश्य युवाओं में संघर्ष, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को विकसित करना है, जिससे वे समाज और देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए इसे समाज के लिए घातक बताया।
प्रतियोगिता में विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख तुलसीराम चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान विद्यार्थी कॉलेज प्रमुख पीतांबर सिंह चौहान, रोहन राजपूत, अमन सिंह, कृष्णा राजपूत, आजाद रावत, पृथ्वी सिंह चौहान, विजय आनंद, रवि राजपूत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय दर्शक उपस्थित रहे।