
नीमगांव खीरी। लखीमपुर खीरी जनपद के बेहजम में सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (भूमि विकास बैंक) के अध्यक्ष पद के लिए एकल नामांकन किया गया। अध्यक्ष पद हेतु हरिनाम शंकर श्रीवास्तव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 20 जनवरी को निर्धारित समयावधि में केवल उन्हीं का नामांकन पत्र जमा होने से उनका निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 20 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने थे। इस दौरान हरिनाम शंकर श्रीवास्तव ने सुबह करीब 11 बजे अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। निर्धारित समय समाप्त होने तक किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन न किए जाने की पुष्टि रिटर्निंग ऑफिसर मयंक सिंह, सहायक आयुक्त श्रम विभाग, लखीमपुर खीरी ने की है।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 21 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित है। एकल नामांकन होने के कारण मतदान की संभावना नहीं है। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात 27 जनवरी को विजेता उम्मीदवार को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
नामांकन के दौरान बैंक परिसर में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जुगुल किशोर, कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू की मौजूदगी में हरिनाम शंकर श्रीवास्तव ने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय दीक्षित, पूर्व प्रधान रवि प्रकाश गुप्ता, इंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, हरिओम श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, राजेश शुक्ला, आदर्श मिश्रा, रज्जन शुक्ला, दीपू शुक्ला, प्रियांशु शुक्ला, इंद्रेश शुक्ला, झल्लर पाण्डेय, सुधीर श्रीवास्तव, रामगोपाल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।