
बरहन। अहारन क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने और बकाया बिल वसूली को लेकर बिजली विभाग ने बुधवार को ग्राम पंचायत अहारन में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लगाए गए विशेष कैंप में उपखंड अधिकारी (एसडीओ) प्रमोद कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और अभियान की कमान संभाली। मुंशीलाल और उनकी टीम के नेतृत्व में विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत एसडीओ प्रमोद कुमार सिंह ने औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए विभागीय टीम के साथ गांव में डोर-टू-डोर चेकिंग की। घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की सघन जांच की गई और अवैध रूप से चल रहे कनेक्शनों तथा बिजली चोरी के मामलों पर पैनी नजर रखी गई। विभाग की इस सख्ती से गांव में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बकाया बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए उनके कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काटे गए। हालांकि, एसडीओ द्वारा समझाने और राहत योजना की जानकारी देने के बाद कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपना बकाया बिल जमा कर दिया। विभाग ने इसे सकारात्मक पहल बताया।
एसडीओ प्रमोद कुमार सिंह ने उन मामलों की भी समीक्षा की, जिनमें पूर्व में बिजली चोरी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि सरकार और विभाग द्वारा संचालित विद्युत बिल राहत योजना के तहत पुराने मामलों में छूट का लाभ लेकर निस्तारण कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिजली चोरी से बचें और समय पर बिल जमा कर कानूनी कार्रवाई से दूर रहें।
विभाग के अनुसार, मुंशीलाल और उनकी टीम द्वारा लगाए जा रहे इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य बिजली चोरी पर पूर्ण विराम लगाना और विभागीय राजस्व में वृद्धि करना है। एसडीओ की मौजूदगी में आयोजित इस कैंप में नए कनेक्शन, बिल संशोधन और एफआईआर से संबंधित मामलों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।