
कोसीकलां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ सोमवार को राजस्थान से नंदगांव होते हुए मथुरा जनपद पहुंची। कोसीकलां पहुंचने पर नगर पालिका परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद नगर पालिका परिसर में जनचौपाल का आयोजन किया गया।
यात्रा के नंदगांव रोड स्थित कैंप कार्यालय के सामने पुराने जीटी रोड पर पहुंचने पर भाजपा ब्रज क्षेत्र ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अमर सिंह पूनिया ने कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा के नगर में पहुंचने पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया।
जनचौपाल में सेवा और जनकल्याण पर जोर
जनचौपाल को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। जनचौपाल के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिसर में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद जनचौपाल में स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
यात्रा के कोसीकलां पहुंचने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, नगर पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. अमर सिंह पौनिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन, कन्हैयालाल गोयल, ओमप्रकाश सैनी और सत्यवीर सांगवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जनचौपाल के बाद यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गई।