
लखनऊ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) ने होली पर्व के अवसर पर स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों के विपणन एवं बिक्री को बढ़ावा देने हेतु विशेष राज्यव्यापी अभियान प्रारंभ किया है।
इस अभियान के तहत गुलाल/अबीर, पापड़, चिप्स, मिठाइयाँ, अगरबत्ती, हस्तशिल्प सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित किया जा रहा है। निर्देशानुसार सभी जनपदों में विकास भवन, कलेक्ट्रेट, तहसील तथा अन्य शासकीय परिसरों में SHG उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, नगर निकायों और संबंधित विभागों के सहयोग से संस्थागत एवं सामूहिक खरीद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे हजारों समूहों की महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। जनपदों को प्रतिदिन की बिक्री प्रगति, बिक्री स्थल एवं उत्पाद विवरण Google Sheet पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्य स्तर पर सतत निगरानी की जा सके।
अभियान के अंतर्गत SHG की दीदियां पलाश के फूल, चुकंदर, गेंदे के फूल और पालक के रस जैसे प्राकृतिक तत्वों से केमिकल-फ्री हर्बल गुलाल/अबीर तैयार कर रही हैं। ये रंग पूरी तरह सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल हैं।
मिशन निदेशक ने कहा कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल “वोकल फॉर लोकल” की भावना को सशक्त करते हुए महिलाओं को “लखपति दीदी” बनने की दिशा में नई उड़ान देगी।