
देवरिया। जनपद में कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में, उप जिलाधिकारी सदर व जिला विद्यालय निरीक्षक को सदस्य नामित करते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई थी।
समिति ने विस्तृत जांच के बाद अपनी आख्या जिलाधिकारी को सौंप दी। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद लगभग एक वर्ष तक बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आदेश के अनुपालन में विलंब और उदासीनता के कारण परिस्थितियां प्रतिकूल बनीं, जिससे यह अप्रिय घटना घटित हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी के निलंबन एवं विभागीय कार्यवाही की संस्तुति शासन को प्रेषित कर दी है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपित पटल सहायक संजीव सिंह को पहले ही तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा चुका है।
उधर, परिजनों की तहरीर पर थाना गुलहरिया में पूर्व में ही सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।