शॉर्ट सर्किट से किसान के घर में लगी आग, समाजसेवी डा. नृपेन्द्र वर्मा ने की आर्थिक मदद

कछौना (हरदोई)। कोतवाली कछौना क्षेत्र की ग्रामसभा हथौड़ा के मजरा पहावाँ में शॉर्ट सर्किट से किसान के घर में भीषण आग लग गई, जिससे दो परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया। आग में राममूर्ति का घर पूरी तरह खाक हो गया। परिवार में पत्नी पूनम, मां रामदुलारी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसी आग की चपेट में रामनिवास का घर भी जल गया। घर में बेटी की गोद भराई के लिए खरीदे गए कपड़े, खाद्य सामग्री, जेवर और अनाज समेत सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी डा. नृपेन्द्र वर्मा अपनी धर्मपत्नी डा. काजल वर्मा और बेटी एलेक्स वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को नए कपड़े उपलब्ध कराए और आर्थिक सहयोग दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने और दोनों परिवारों को सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान गरीब बेरोजगार सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारी इंद्रजीत वर्मा, कन्हैयालाल वर्मा, अजय भारती ने भी आर्थिक सहायता प्रदान की। मौके पर डा. अमरपाल, सत्यप्रकाश, पुष्पेंद्र सहित कई लोग मौजूद रहे।