
बहराइच। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) समिट 2026 में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित बयान को लेकर मंगलवार को शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने परशुराम चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया और नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर सार्वजनिक माफी की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला संयोजक सोनी श्रीवास्तव (रंजीता) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दोपहर बाद परशुराम चौक पर एकत्रित हुईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि समिट में दिया गया बयान देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास है।
सोनी श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर तेजी से अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। ऐसे समय में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी बयान का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान सर्वोपरि है तथा कोई भी नेता यदि विदेशी मंच से देश के खिलाफ टिप्पणी करता है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदर्शन के उपरांत महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि राहुल गांधी देश के सम्मानित नागरिकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।