
लखनऊ में शुक्रवार दोपहर लोक भवन के गेट पर एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना हजरतगंज क्षेत्र की है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए महिला को आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक लोकभवन के मुख्य द्वार के पास पहुंची और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले कि वह आग लगा पाती, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित हिरासत में ले लिया। बाद में उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
जमीन विवाद से परेशान बताई जा रही महिला
महिला की पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई है, जो न्यू श्रीनगर, मानकनगर की निवासी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संध्या सिंह का मानकनगर क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि एक व्यक्ति ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। लेखपाल की रिपोर्ट के बाद भी संबंधित पक्ष द्वारा उन्हें कथित रूप से धमकाया जा रहा है और अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।
महिला का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने से वह परेशान थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।