
बहराइच। सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सशस्त्र सीमा बल (59वीं वाहिनी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लखनऊ व मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपिया गांव में छापेमारी कर 21.300 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया। हालांकि मुख्य आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के बलईगांव सीमा चौकी से करीब 13 किलोमीटर दूर तथा मोतीपुर थाना क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित गोपिया गांव में अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए रखे जाने की सूचना मिली थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई।
टीम ने गांव निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र ओंकारनाथ के घर पर दबिश दी। छापेमारी की भनक लगते ही चंद्र प्रकाश फरार हो गया, जबकि उसके पिता ओंकारनाथ घर पर मौजूद मिले। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर एक कमरे में पीले रंग के बोरे में संदिग्ध सामग्री पाई गई। बोरा खोलने पर उसमें भूरे रंग के कवर में लिपटे छह प्लास्टिक पैकेट मिले, जिनसे गांजे की तेज गंध आ रही थी।
मौके पर मौजूद एनसीबी टीम द्वारा वजन कराने पर कुल 21.300 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद मोतीपुर थाने को सुपुर्द कर दिया गया।
मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि मुख्य संदिग्ध चंद्र प्रकाश के विरुद्ध NDPS Act की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सीमावर्ती इलाके में बढ़ती मादक पदार्थ तस्करी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।