लखनऊ: खटारा और अवैध स्कूली वाहनों पर चलेगा बड़ा अभियान, 15 साल पुराने वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

लखनऊ। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग प्रदेशभर में बड़ा अभियान चलाने जा रहा है। इस अभियान के तहत खटारा और अवैध रूप से चल रहे स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ कर दिया है कि 15 साल से अधिक पुराने वाहनों को स्कूल परिवहन के रूप में चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह विशेष अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान परिवहन विभाग की टीमें स्कूल वैन, बसों और अन्य स्कूली वाहनों की गहन जांच करेंगी। मानकों के विपरीत पाए जाने वाले वाहनों पर चालान के साथ-साथ उन्हें सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
दरअसल हाल ही में आगरा में एक दर्दनाक हादसे में स्कूल वैन से गिरकर एक छात्रा की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे, जिसके बाद परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाने का निर्णय लिया है।
परिवहन विभाग ने प्रदेश के सभी स्कूलों से उनके यहां संचालित वाहनों की पूरी सूची तलब की है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि केवल वही वाहन बच्चों के परिवहन में लगाए जाएं जो निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों।
अभियान के दौरान अधिकारियों को स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।