
बहराइच। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर हो रही अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा के निर्देश पर सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे तीन अस्पतालों को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि कई अन्य अस्पतालों को गंभीर अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किया गया है।
सोमवार 16 मार्च 2026 को सीएमओ की विशेष टीम ने मिहीपुरवा और आसपास के क्षेत्रों में संचालित निजी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन अस्पतालों को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिहीपुरवा स्थित कृष्णा हॉस्पिटल को मानकों की भारी अनदेखी पाए जाने पर सील कर दिया। इसके अलावा नव भारत हॉस्पिटल को बिना आवश्यक मापदंडों और उचित व्यवस्था के संचालन के कारण बंद कराया गया। वहीं नयापुरवा स्थित तारा देवी विश्वेश्वर दयाल हॉस्पिटल में अवैध संचालन की पुष्टि होने पर उसे भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जांच के दौरान सेवा सिटी हॉस्पिटल, मिहीपुरवा में बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन (BMW) की वैध व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) न मिलने पर अस्पताल संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं न्यू इंडिया हॉस्पिटल में मरीजों को बिना समुचित प्रक्रिया के LAMA (Leaving Against Medical Advice) कराए जाने जैसी अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जिले में बिना पंजीकरण और मानकों के चल रहे किसी भी क्लीनिक या नर्सिंग होम को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अस्पतालों के खिलाफ लगातार निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने इसे मरीजों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।